लखनऊ। बरेली के प्रेमनगर में रहने वाले सिविल इंजीनियर अमान नवाज ने फर्म संचालक समेत सात लोगों पर साढ़े तीन लाख की ठगी की रिपोर्ट विकासनगर थाने में दर्ज कराई है। आरोपियों ने एनसीईआरटी में सर्वेयर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
अमान नवाज एक निर्माण फर्म में काम करते हैं। फर्म में उनकी मुलाकात विकासनगर स्थित मामा चौराहे के पास श्रद्धा इंटरप्राइजेज फर्म के मालिक आलोक पांडेय से हुई। आलोक ने एनसीईआरटी में सर्वेयर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। हामी भरने पर उनकी मुलाकात चंद्रशेखर, पवन, अजय, सर्वेश, प्रदीप और कृष्णकांत से कराई थी। रकम के भुगतान पर आरोपियों ने नियुक्ति पत्र भी दे दिया। अमान ने कुछ माह तक स्कूलों में जाकर सर्वे भी किया। पर वेतन नहीं मिला। जांच करने पर पता चला कि उनकी नौकरी लगी ही नहीं है। नियुक्ति पत्र भी फर्जी था।