लखनऊ। बस्ती जिले की आवास विकास कॉलोनी निवासी सत्यम सिंह ने गोमतीनगर थाने में कंपनी वैजन इंफ्रा डेवलपर्स प्रा. लि. के निदेशक व उसके पार्टनर के खिलाफ 34.49 लाख रुपये की ठगी की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों पर सत्यम व अन्य से जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के आदेश पर कार्रवाई की।
सत्यम के मुताबिक फरवरी 2023 में गांव के अभय शंकर सिंह ने उनकी नौकरी गोमतीनगर स्थित वैजन इंफ्रा डेवलपर्स प्रा.लि. में लगवाने की बात कही। गोमतीनगर में उनकी मुलाकात गोरखपुर के सहदोदाड गांव निवासी कंपनी के निदेशक अजय चंद से हुई। उसने अभय को अपना बिजनेस पार्टनर बताते हुए सत्यम को नौकरी पर रख लिया।
सत्यम का कहना है कि अभय ने बताया कि कंपनी अयोध्या रोड पर दादरा और सफदरगंज में प्लॉटिंग कर रही है। तुम्हें प्लॉट बिकवाने होंगे। पीड़ित व उनके आठ रिश्तेदारों ने जमीन खरीद ली। इसकी कीमत (31.49 लाख रुपये) सत्यम ने कंपनी में जमा करा दी। पीड़ित का आरोप है कि अजय ने सिर्फ चार की रजिस्ट्री की। जनवरी 2024 में गोमतीनगर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
जेल में रहने के दौरान बाकी पांच लोगों की रजिस्ट्री के लिए सत्यम से तीन लाख रुपये और मांगे की। यह रकम भी उसे दे दी, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई। पीड़ित ने डीसीपी से इसकी शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक तफ्तीश चल रही है। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई होगी।