अयोध्या। तिहुरा मांझा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने के लिए 5.65 करोड़ रुपये की लागत से नया 33 केवी का विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा। इससे तिहुरा मांझा समेत आसपास के करीब 20 से 25 गांवों के उपभोक्ताओं को स्थिर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। परियोजना के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है।
वर्तमान में तिहुरा मांझा व आसपास के गांवों को मौजूदा विद्युत उपकेंद्रों से बिजली मिलती है। उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की मांग बढ़ने से इन उपकेंद्रों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। गर्मी में मांग बढ़ने पर कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग की समस्या होती है।
नया उपकेंद्र शुरू होने से मौजूदा उपकेंद्रों का भार कम होगा। दूरी कम होने से बिजली आपूर्ति होने के कारण वोल्टेज में सुधार आएगा। अधीक्षण अभियंता ई. विनय कुमार ने बताया कि भूमि संबंधी कार्य अंतिम चरण में है। उपकेंद्र बनने से लो-वोल्टेज की समस्या घटेगी व आपूर्ति अधिक सुचारु होगी। (संवाद)