रायबरेली। जिला महिला अस्पताल की पूर्व सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी के आवास से चोरों नेे नकदी व जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का माल पार कर दिया। जिला अस्पताल परिसर स्थित आवास में रहने वाली पूर्व सीएमएस इन दिनों सपरिवार बाहर गई हुई हैं। पुलिस ने मौका मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है।
पूर्व सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी मौजूदा समय में जिला महिला अस्पताल में ही तैनात हैं। वह जिला अस्पताल परिसर में ही सरकारी आवास में परिवार समेत रहती हैं। उनके पति भी चिकित्सक हैं। इस समय डॉ. रेनू परिवार समेत बाहर गई हैं। इसकी का फायदा उठाकर रविवार रात कुंडी तोड़कर उनके घर में घुसे चोर नकदी, जेवर समेत अन्य सामान चुरा ले गए। सोमवार सुबह डॉ. रेनू के घर में साफ-सफाई करने वाली मधु पहुंची तो कुंडी टूटी देख उसने अस्पताल प्रबंधन को जानकारी दी। इस पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अल्ताफ हुसैन मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक नकदी, जेवर समेत लगभग दो लाख रुपये की चोरी हुई है। हालांकि सही ब्यौरा डॉ. रेनू के आने पर ही पता चलेगा। इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज हरिशरण सिंह ने मौका मुआयना किया मगर चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जाएगी।