फिर कटी माइनर, खेतों में भरा पानी
सीतापुर। लहरपुर क्षेत्र में ग्राम कंजा के पास शनिवार को एक बार फिर तेंदुआ माइनर कट गई। जबकि दो दिन पहले ही विभागीय अफसर-कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से क्षतिग्रस्त माइनर पटरी दुरुस्त कराई थी। दोबारा माइनर कटने से खेतों में पानी भर गया, हालांकि खेतों के खाली होने से कोई नुकसान नहीं हुआ है।
मालूम हो कि क्षेत्र से तेंदुआ माइनर निकली है। एक सप्ताह पहले पानी छोड़े जाने से ये माइनर कट गई थी। इससे खेत पानी से लबालब भर गए थे। शुक्रवार को ही कंजा गांव के पास क्षतिग्रस्त माइनर को दुरुस्त किया गया था। पर जैसे ही नहर में दोबारा पानी छोड़ा गया। वैसे ही कंजा गांव के पास तेंदुआ माइनर फिर कट गई।
माइनर की पटरी क्षतिग्रस्त होने से खेतों में पानी भर गया। किसानों का कहना है कि, माइनर की सफाई नहीं होने से पटरी कमजोर हो गई थी। यहां की माइनर में जैसे ही पानी छोड़ा जाता है, वैसे ही इसकी पटरियां कट जाती हैं।
इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। इस संबंध में अवर अभियंता नारायण सिंह से बात करने का प्रयास किया गया मगर उनका मोबाइल फोन ऑफ था।