उर्रा (बहराइच)। ग्राम पंचायत सेमरहना में 50 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण होगा। स्टेडियम में सभी खेलों का आयोजन होगा। शिविर भी संचालित होंगे, जिससे गांव और कस्बे की प्रतिभाओं को पगडंडियों से निजात मिलेगी। बच्चों की प्रतिभा निखकर सामने आ सकेगी।
स्टेडियम निर्माण के लिए कवायद शुरू हो गई है। अप्रैल के दूसरे पखवारे में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। मिहींपुरवा विकासखंड जिले का पिछड़ा ब्लॉक माना जाता है। यहां की प्रतिभाएं संघर्ष के बल पर आगे बढ़ रही हैं।
संसाधनों और सुविधाओं का अभाव है। अरसे से स्टेडियम निर्माण की आवाज उठ रही थी। युवाओं की यह उम्मीद अब पूरी होती दिख रही है। प्रदेश सरकार ने गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये का बजट पास किया है।
युवा कल्याण विभाग को स्टेडियम निर्माण कार्य के देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को स्टेडियम निर्माण का जिम्मा दिया गया है।
आरईएएस के अवर अभियंता डीएन सिंह ने बताया कि युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल के मैदान का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था।
शासन के निर्देश पर सेमरहना में ग्राम समाज की सरकारी भूमि को चिन्हित किया गया है। गाटा संख्या 146 पर जिला युवा कल्याण विभाग के स्टेडियम का निर्माण 0.7240 हेक्टेयर भूमि पर होगा। बजट मिल गया है।
टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रयास है कि 15 अप्रैल के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाए।
ये होंगे खेल
स्टेडियम में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबाल के साथ बैडमिंटन खेलों का आयोजन होगा।
युुवाओं को नहीं होगा भटकना
स्टेडियम निर्माण कार्य साल भर में पूरा हो जाएगा। इसके बाद प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिला, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को भटकना न पड़े।
-बलबीर सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी
स्टेडियम को बाउंड्रीवाल से सुरक्षित किया जाएगा। इसके अलावा इंडोर स्टेडियम, मल्टी परपज भवन और एथलेटिक्स को बढ़ावा देने के लिए ट्रैक का निर्माण होगा। फुटबॉल व वॉलीबॉल कोर्ट भी बनेगा।
- डीके सिंह, अवर अभियंता