पदभार संभाल डीएम बोलीं, मेरा काम दिखेगा
सीतापुर। नवागत डीएम शीतल वर्मा ने मंगलवार सुबह नौ बजे कोषागार पहुंचकर पदभार संभाल लिया। कोषागार में जॉइनिंग की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट का मुआयना किया।
नवागत डीएम ने कलेक्ट्रेट की भौगोलिक जानकारी लेते हुए अफसरों व कलेक्ट्रेट कर्मियों को शासन की मंशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, अपने दायित्वों का सही व सुचारु रूप से निर्वहन करना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर एडीएम विनय पाठक भी मौजूद रहे। दोपहर में सदर तहसील सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवागत डीएम ने नैमिषारण्य के विकास को लेकर कहा कि, जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श व सहयोग से जरूरी कार्य कराए जाएंगे।
2007 बैच की आईएएस अफसर शीतल वर्मा ने बताया कि, प्रभारी डीएम नोएडा के बाद डीएम बांदा, उन्नाव और पीलीभीत में उनकी तैनाती रही है। इसके अलावा सर्व शिक्षा अभियान की वह राज्य परियोजना निदेशक भी रह चुकी हैं।
नवागत डीएम ने कहा कि, सीतापुर में आज मेरा पहला दिन है। यहां कुछ समय गुजारने दीजिए। फिर मेरा काम दिखेगा। इस मौके पर सीडीओ देवकृष्ण तिवारी, एसडीएम सदर शशांक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।