सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में जहरखुरान ने एक परिवार के आठ लोगों को नशीला गोश्त खिलाकर लूटपाट का प्रयास किया। लूटपाट में असफल होने पर जहरखुरान मौके से भाग निकला। बेहाल परिवारीजनों का इलाज कस्बे की सीएचसी में कराया गया है।
कस्बे के संतनगर पूर्वी मोहल्ला निवासी अब्दुल हमीद (40) ने अपने घर में एक किराएदार रखा था। बताया जा रहा है कि किराएदार ने खुद को रेवड़ी विक्रेता बताया था। सोमवार की शाम किराएदार गोश्त लेकर आया, जिसको पकाकर पूरे परिवार ने खाया। भोजन करने के कुछ देर बाद ही परिवारीजनों का जी मितलाने लगा और उल्टियां होने लगीं। यह देख पड़ोस के रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। मोहल्ले के लोग कुछ समझ पाते, तब तक अब्दुल हमीद, पुत्री मुन्नी (20), हसीना (18), शबीना (12), पुत्र नूर मोहम्मद (17), शहीद (9), नाती कस्बा तंबौर निवासी विकरा (2), बिसवां के मानपुर कमैचा निवासी रिश्तेदार कामिल (4) बेहोश हो गए। मोहल्ले के लोग परिवार के सदस्यों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किराएदार वहां से रफूचक्कर हो गया। लोगों का कहना है कि किराएदार के रूप में जहरखुरान ने कमरा किराए पर लिया था। इससे पहले कि वह परिवार को लूटने में कामयाब होता, मोहल्ले के लोगों को जानकारी हो गई। इससे वह मौके से फरार हो गया। किराएदार के संबंध में पीड़ित परिवार कुछ नहीं बता पा रहा है। सभी को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इधर, प्रभारी निरीक्षक अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई है।