लखनऊ। सदर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी इस वर्ष 30 मेधावियों को सिविल सेवा की निशुल्क कोचिंग देगी। 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले होनहारों में से इन अभ्यर्थियों के चयन के लिए मई में परीक्षा करवाई जाएगी।
सदर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से शुक्रवार को हजरतगंज स्थित यूपी प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी गई। इसके अध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा ने बताया कि दो वर्षों से सदर में चल रही कोचिंग में आईएएस, आईपीएस परीक्षा के लिए मेधावियों की मुफ्त में तैयारी करवाई जा रही है।
प्रबंधक कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने बताया कि मेधावियों को पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के पूर्व महानिदेशक डॉ. राजिन्द्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में कोचिंग दी जाएगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से पढ़ाई होगी।
सरदार बलविंदर सिंह ने बताया कि इस कोचिंग का उद्देश्य युवाओं का रुझान सिविल सेवा की ओर करना है। प्रेसवार्ता के दौरान गुरुद्वारा आशियाना के अध्यक्ष जसपाल सिंह और उपाध्यक्ष इंदर सिंह छाबड़ा समेत कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।