यूपी एसटीएफ ने सीएम के नाम पर ठगी करने वाले 3 जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक तीनों ने नया सिम लेकर ट्रू कॉलर पर उसमें सीएमओ और योगी आदित्यनाथ का नाम सेव कर रखा था।
अफसरों पर रौब गांठने और काम करवाने के लिए उस सिम से फोन करते। अधिकारी के फोन पर यूपी सीएमओ लिखकर आता जिससे वे खौफ में आ जाते थे। इसके बाद सीएम का निजी सहायक बनकर अफसरों से जालसाजी कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि ठगों ने कानपुर के डीएम, एसएसपी और उपश्रम आयुक्त को भी सीएम बनकर फोन किया था और कानपुर में किसी कंपनी को बंद करने का दवाब भी डाल रहे थे।
एसएसपी एसटीएफ मनोज तिवारी ने बताया, पकड़े गए सीएम के निजी सचिव बनकर लोगों को फोन करते थे। फोन पर अधिकारियों से छापा मारने और जांच करने की बात कहते थे। दूसरी तरफ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से छापे के दवाब में अवैध वसूली करने की कोशिश करते थे।
काफी दिनों से ऐसे वारदातें कर रहे थे। अलीगंज की वर्मा बेकरी से इन तीनों की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया, इलाहाबाद के रहने वाले अतीश कुमार मिश्र, बस्ती के हनुमान शुक्ला और गोंडा के राहुल उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि इनमें से हनुमान बेहद शतिर अपराधी है। इस पर हत्या और अपहरण जैसे मामले भी हैं।