लखनऊ। विभूतिखंड इलाके में होटल कारोबारी अश्विनी कपूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृत कारोबारी की मां ने विभूतिखंड थाने में शिकायत की है कि उसके बेटे के खाते से रुपये निकाले गए हैं। इस मामले में उन्होंने बेटे के साथ रहने वाली महिला पर आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, गोखले मार्ग पर सरोज कपूर रहती हैं। सरोज के मुताबिक, उनका बेटा व होटल कारोबारी अश्विनी कपूर विभूतिखंड के प्लूमेरिया अपार्टमेंट में रहता था। 18 जुलाई को उसका शव संदिग्ध हालात में कमरे में पड़ा मिला। सरोज के मुताबिक, बेटे के साथ उनका एक्सिस बैंक विभूतिखंड शाखा में उनका संयुक्त खाता था।
आरोप है कि 18 जुलाई को अश्विनी की मौत होने के बाद उसके एटीएम कार्ड का प्रयोग करते हुए खाते से 3.25 लाख रुपये निकाले गए हैं। सरोज ने विभूतिखंड कोतवाली में तहरीर दी लेकिन केस नहीं दर्ज हुआ था। कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, सरोज की तहरीर पर कारोबारी के साथ रहने वाली महिला सुशैन केखिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।