नया वर्ष प्रदेश के लिए बड़ा राहत देने वाला साबित हुआ है। जनवरी 2021 में जनवरी 2020 की अपेक्षा सभी प्रमुख मदों में अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया है पिछले माह जनवरी में राजस्व के प्रमुख मुद्दों में 12,717.98 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। यह पिछले वर्ष की जनवरी की अपेक्षा 2796 करोड़ रुपये ज्यादा है।
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रमुख कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्त वर्ष 2020-21 के जनवरी माह में 12717.98 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि 2,019-20 की जनवरी में 9921.98 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस तरह जनवरी 2020 की तुलना में जनवरी 2021 में 2796 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।
खन्ना ने बताया जीएसटी मद में 124.44 करोड़, वैट में 446.47 करोड़, आबकारी में 1778.39 करोड़, स्टांप तथा निबंधन में 346.35 करोड़, तथा भूतत्व व खनिकर्म में 118.51 करोड़ अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। परिवहन मद में पिछले वर्ष की जनवरी की अपेक्षा इस जनवरी में मात्र 18.16 करोड़ रुपये की कमी रह गई है।
वर्ष 2019-20 की जनवरी में राजस्व के प्रमुख मदों में 11367.69 करोड़ का लक्ष्य था और प्रदेश ने 9921.98 करोड़ रुपये प्राप्त किए थे। यह उस महीने के लक्ष्य का 87.3% था। वित्त वर्ष 2020-21 में जनवरी का लक्ष्य 13830.99 करोड़ था। इस महीने 12717.98 की राशि प्राप्त हुई। यह लक्ष्य का 92% है।