लखनऊ। काकोरी के जेहटा स्थित एमसी सक्सेना कॉलेज परिसर में बने 108 एंबुलेंस सेवा के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) ट्रेनिंग सेंटर के 25 प्रशिक्षु बुधवार रात मेस का खाना खाने के बाद बीमार हो गए। उल्टी-दस्त व बुखार की शिकायत पर इन्हें बलरामपुर, ठाकुरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत में सुधार है। सीएमओ ने फूड सेफ्टी विभाग को पत्र भेजकर खाने-पानी की जांच कराने के लिए कहा है।
ट्रेनिंग सेंटर में बुधवार रात छोला, चावल, रोटी व धनिया की चटनी बनी थी। प्रशिक्षु भोजन करने के बाद कमरों में चले गए। रात दो बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई। बृहस्पतिवार तड़के चार बजे 18 छात्रों को बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात ईएमओ डॉ. सर्वेश सिंह ने भर्ती किया। चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी का कहना है कि अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई है। ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि तीन ईएमटी भर्ती हैं।
सीएचसी की टीम को घुसने से रोका
सीएमओ के निर्देश पर बृहस्पतिवार दोपहर काकोरी सीएचसी की टीम जांच करने कॉलेज पहुंची। आरोप है कि गार्डों ने टीम को घुसने नहीं दिया। पुलिस बुलाने की चेतावनी पर गेट खोला गया। टीम ने मेस की जांच के साथ बाकी प्रशिक्षुओं की सेहत की जानकारी ली। सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है।