कारोबारी को धमकाने के आरोपी नाका थाने के सिपाही दिलबहार सिंह यादव को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। गोमतीनगर निवासी एक पूर्व मंत्री व एक वकील पर सिपाही को संरक्षण देने का आरोप है। रविवार को पुलिस ने पूर्व मंत्री और वकील के घर पर छापा मारा था। वकील के यहां सिपाही की कार खड़ी मिली थी, पर दिलबहार नहीं मिला था।
गिरफ्तारी वारंट वापस लेने की मांग वाली अर्जी खारिज
भ्रष्टाचार निवारण के विशेष न्यायाधीश संदीप गुप्ता ने सीबीसीआईडी के तत्कालीन एसपी व निलंबित डीआईजी अरविंद सेन के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को वापस लेने की मांग वाली अर्जी खारिज कर दी है।
सेन की ओर से अर्जी देकर बताया गया की उसकी अग्रिम जमानत अर्जी की सुनवाई हाईकोर्ट में लंबित है लिहाजा गिरफ्तारी वारंट का आदेश वापस लिया जाए। इस पर कोर्ट ने कहा की इस मामले में हाईकोर्ट से आरोपी के पक्ष में कोई आदेश नहीं है और आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं है। इस स्तर पर वारंट वापसी की अर्जी पोषणीय नहीं है।