बच्चों को रक्षा सेवाओं के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में एक नया सैनिक स्कूल स्थापित किया जाएगा। बजट में इसके लिए 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली या जौनपुर में से जहां भी सबसे उपयुक्त जमीन मिलेगी, वहीं स्कूल खुलेगा। प्रदेश में अभी राजधानी लखनऊ में सैनिक स्कूल है। मैनपुरी और अमेठी में सैनिक स्कूल निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेश सरकार ने पश्चिमी यूपी के सहारनपुर जिले में राज्य विश्वविद्यालय के लिए 20 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया है। आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय के लिए भी 20 करोड़ और अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 70 करोड़ के बजट का प्रावधान है।
वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित प्राथमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के लिए 55 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह बजट में वनटांगिया गांवों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना के लिए 3.89 करोड़ रुपये रखे गए है।
परिषदीय स्कूलों और परिषदीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 1 करोड़ 90 लाख विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और कार्यपुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों को जल्द ही 10 हजार 768 सहायक अध्यापक और 3 हजार 794 प्रवक्ता मिलेंगे। राज्य विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के रिक्त पदों पर चयन जल्द किया जाएगा। राज्य विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को मानदेय पर नियुक्त किया जाएगा।