लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. एसडी. कंडपाल के अनुसार देश में 24 फीसदी महिलाएं और 22.9 प्रतिशत पुरुष मोटापे से ग्रस्त हैं। यह गंभीर संकट की ओर इशारा है। डॉ. कांडपाल सोमवार को संस्थान की ओर से जुग्गौर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे।
डॉ. कंडपाल ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली से मोटापे को रोका जा सकता है। मोटापे के कारण दिल और लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा रहता है। मेडिसिन विभाग की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. मृदु ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम के साथ स्क्रीन समय कम करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट और मेडिकल सोशल कार्यकर्ता ने नुक्कड़ नाटक पेश किया। इसके माध्यम से महिलाओं में पीसीओडी, बच्चों में बढ़ते मोटापा, असंतुलित खान-पान और मोटापे से होने वाली जटिलताओं जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप व हृदय रोग की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अरविंद कुमार सिंह उपस्थित रहे।