अक्तूबर से सूबे के सभी गांवों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए पावर कॉर्पोरेशन ने जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि मांग के अनुसार बिजली की व्यवस्था हो गई है। अक्तूबर से बिजली की मांग घटने लगती है।
जबकि कॉर्पोरेशन ने 16 हजार मेगावाट की बिजली का इंतजाम अभी से कर लिया है। अक्तूबर से कॉर्पोरेशन के पास 18 हजार मेगावाट बिजली हो जाएगी।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि भीषण गर्मी में मांग बढ़ने के बावजूद पावर कॉर्पोरेशन घोषित शिड्यूल से भी ज्यादा बिजली आपूर्ति कर रहा है।
इस समय ग्रामीण स्तर पर 15 घंटे, तहसील स्तर पर 17 घंटे, जिला मुख्यालय पर 21 घंटे व मंडल मुख्यालयों पर 23 घंटे की बिजली सप्लाई हो रही है। बुंदेलखंड में 20.57 घंटे और महानगरों में 23.35 घंटे बिजली दी जा रही है।