शहरों में रहने वाले लोगों को दो अक्टूबर से 24 घंटे बिजली मिलेगी। मुख्य सचिव दीपक सिंघल ने शुक्रवार को बिजली विभाग के अफसरों को इसी के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर एक सप्ताह में पेश करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित अवधि के अनुसार की जा रही बिजली आपूर्ति की वास्तविक जानकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित आम नागरिकों से प्राप्त की जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति की सही जानकारी आम नागरिकों से प्राप्त करने के लिए ‘कंज्यूमर संतुष्ट’ सॉफ्टवेयर तैयार किया जाए। मुख्य सचिव शुक्रवार को शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय में प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय अग्रवाल सहित ऊर्जा विभाग के अफसरों के साथ समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों को पब्लिक डिलीवरी को और अधिक मजबूत कर ग्राम प्रधानों एवं विद्युत मित्रों से प्रगति की जानकारी प्राप्त करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के अंतिम छोर तक निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली पहुंचनी चाहिए।