योगी सरकार ने दिवाली और छठ पर उत्तर प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर कनेक्शन न काटने, अनावश्यक कटौती रोकने और नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत देने की बात कही गई है।
दिवाली और छठ पर्व पर उत्तर प्रदेश के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है। ऐसे में अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान न किया जाए। उन्होंने बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की हिदायत दी।
लंबित बिजली कनेक्शन के आवेदनों का होगा निस्तारण
ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार करने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या नहीं झेलनी पड़े। जहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, वहां तत्काल क्षमता विस्तार किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले बिजली के भार के कारण आपूर्ति प्रभावित न हो।
नवंबर के बिजली बिल में मिलेगी 9.70 प्रतिशत राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उनके अनुसार, घरेलू, व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इसका लाभ मिलेगा।
नवसृजित नगर पंचायतों में भी सुधरेगी बिजली व्यवस्था
मंत्री ने नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास विभाग तैयार है। ऐसे में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाए।