अनी बुलियन नाम से पोंजी कंपनी बनाकर लोगों के अरबों रुपये ठगने वाले कंपनी के एमडी अजीत गुप्ता की अब तक 24 करोड़ रुपये की संपत्ति पुलिस ने कुर्क की है। थाना कुमारगंज व खंडासा पुलिस ने शनिवार को नई दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में आरोपी की करीब 94 लाख की कीमत वाली एक दुकान को कुर्क किया है।
कुमारगंज निवासी अजीत गुप्ता ने वर्ष 2003 में पोंजी कंपनी अनी बुलियन बनाकर विभिन्न जनपदों में अपनी शाखाएं खोली थीं। लोगों को धन दोगुना करने का झांसा देकर लगभग 10 वर्षों में अरबों रुपये जमा कराकर वर्ष 2019 में रातों-रात फरार हो गई। कंपनी फरार होने के बाद से निवेशकों ने अपना पैसा पाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पोंजी कंपनी के एमडी एवं डायरेक्टरों के विरुद्ध 30 से अधिक मुकदमे पंजीकृत कराए। जिसमें समय-समय पर पुलिस ने यूपी गैंगस्टर की कार्रवाई के तहत उनकी संपत्तियों को कुर्क किया है।
अब तक कुर्क की गई ग्रुप की गई संपत्तियों में एक बस, लखनऊ स्थित 12 फ्लैट जिसकी अनुमानित लागत 20 करोड़ 55 लाख, लखनऊ स्थित एक दुकान जिसकी लागत तीन करोड़, कुमारगंज बाजार स्थित एक दुकान में 31 लाख 44 हजार रुपये के सीलिंग फैन शामिल हैं। वहीं कुमारगंज व खंडासा थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को अजीत द्वारा अवैध धन से चांदनी चौक दिल्ली में खरीदी गई एक दुकान जिसकी लागत लगभग 94 लाख है, कुर्क की।
इस प्रकार अब तक पुलिस टीमें पोंजी कंपनी अनी बुलियन, आई विजन कि लगभग 24 करोड़ की संपत्ति सील कर चुकी है। इस संबंध में फ्रॉड कंपनी अनी बुलियन से संबंधित मुकदमों के विवेचक थाना प्रभारी खंडासा संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी के एमडी अजीत कुमार गुप्ता व तथाकथित डायरेक्टरों के विरुद्ध यूपी गैंगस्टर के तहत उनकी संपत्तियों के कुर्क करने की कार्रवाई जारी रहेगी।