नवाबगंज (गोंडा)। कस्बे की रहने वाली किशोरी से उसके पड़ोस के ही युवक ने गुरुवार को उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नवाबगंज की रहने वाली महिला के मुताबिक वह नगर पालिका परिषद में सफाईकर्मी है। महिला ने बताया कि सुबह चार बजे भोर में वह ड्यूटी पर चली गई थी। इसी बीच उसके पड़ोस का रहने वाला युवक अनवर उसके घर में घुस गया और घर में सो रही उसकी 15 वर्षीया बेटी से दुराचार किया। पड़ोसियों ने ही उसे घटना की सूचना दी। इसके बाद वह बेटी को लेकर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। महिला का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय थाने की पुलिस कुछ छुटभैये नेताओं के कहने पर उसके ऊपर सुलह करने का दबाव बनाने लगी। पुलिस की कार्यशैली से आहत पीड़िता की मां ने फोन से इसकी सूचना हिंयुवा के जिलाध्यक्ष शारदाकांत पांडेय को दी। इस पर शारदाकांत पांडेय ने हस्तक्षेप करते हुए सूचना तरबगंज के क्षेत्राधिकारी कृष्णचंद्र सिंह को दी और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सीओ के निर्देश के बाद पुलिस ने मां की तहरीर पर आरोपी इजहार के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।