60 वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बाराबंकी। प्रदर्शन कर तोड़फोड़, राहगीरों से मारपीट व मुख्यमंत्री की होर्डिंग्स फूंकने के मामले में पुलिस ने 60 अज्ञात वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी व वीडियोग्राफी की फुटेज खंगालकर आरोपी वकीलों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
बताते चलें कि, इलाहाबाद में वकील की हत्या के विरोध में शुक्रवार को कचहरी में वकीलों ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करने के साथ ही हाई-वे पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान वकीलों ने वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी करने के साथ ही राहगीरों से मारपीट कर सीएम योगी आदित्यनाथ की होर्डिंग्स भी जला दी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी वकीलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि, शहर कोतवाली के एसएसआई जितेंद्र बहादुर सिंह की तहरीर पर 60 अज्ञात वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।