फैजाबाद। दो बाइकों की आपस में हुई भिड़ंत से तीन लोग घायल हो गए। वहीं सोहावल चौराहे के पास रविवार की शाम डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बीकापुर में हुए हादसे के मुताबिक एक बाइक पर सवार सौरभ शुक्ला (19), निवासी पाराराम थाना हैदरगंज, समोराज (35) निवासी भैरोपुर टिकरा थाना हैदरगंज तथा दूसरी बाइक पर सवार परशुराम पाल (52) निवासी धनपतगंज थाना कूरेभार सुल्तानपुर घायल हो गए। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। कोतवाल अरविंद पांडे ने बताया कि किसी द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। हादसा इलाहाबाद हाईवे पर रविवार शाम हुआ।
वहीं सोहावल में हुई सड़क दुर्घटना के अनुसार पिनांवा निवासी युवक भोले सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहीं बीकापुर विधायक शोभा सिंह व उनके पुत्र डॉ. अमित सिंह ने घायल को सीएचसी सोहावल पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना पाकर भी मौके पर पहुंचने में देरी करने का आरोप लगाकर विधायक पुत्र ने पीआरवी 0911 के प्रभारी निरीक्षक ओपी रॉय को कड़ी फटकार लगाई और सीएचसी पर दोनों में नोक-झोंक हो गयी।