फैजाबाद जिले में मदरसा बोर्ड की परीक्षा छह सेंटरों पर सीसीटीवी की निगरानी में सोमवार से शुरू होगी। प्रशासन स्तर पर इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर तीन सचल दलों का गठन कर दिया गया है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के अंतर्गत आने वाले ब्लाकों के खंड शिक्षा अधिकारी को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बीके मिश्रा ने सोमवार की सुबह से नकल विहीन परीक्षाएं संपन्न किए जाने के दावे किए गए हैं।
जिले में 1622 छात्र-छात्राएं वर्ष 2018 की मदरसा बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। इनके लिए साहबदीन सीताराम बालिका इंटर कॉलेज फैजाबाद, जीजीआईसी गोशाइगंज, जीजीआईसी रूदौली, आरडी इंटर कॉलेज सुचित्तागंज सोहावल, लाला राम कुमार इंटर कॉलेज व विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मिल्कीपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी सेंटरों को सीसीटीवी से लैस किया गया है। इसके अलावा नकल विहीन परीक्षा के लिए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी व जिला समाज कल्याण अधिकारी की निगरानी में एक-एक सचल दलों का गठन कर दिया गया है। इसके अलावा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के कार्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी समस्या आने पर परीक्षार्थी या अन्य लोग 9451540492 पर कॉल कर सकते हैँ।