गोंडा। फूड सिक्योरिटी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने बिना लाइसेंस खाद्य वस्तुओं की बिक्री व प्रोसेसिंग करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। टीम ने जिले की दो बड़ी आइसकैंडी फैक्ट्री में छापेमारी की, जहां दोनो फैक्ट्रियां बिना लाइसेंस के संचालित मिलीं। इसके अलावा स्वच्छता नहीं मिली। इस पर टीम ने दोनों फैक्ट्री संचालकों को नोटिस देकर जवाब तलब किया है।
जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन के जिला अभिहित अधिकारी विनय कुमार सहाय ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य पर मिलावटी व गंदगी में रखे गये खाद्य पदार्थों के सेवन से कुप्रभाव पड़ रहा है। इसे रोकने के लिए शासन की ओर से अभियान चलाने के निर्देश हैं, जिसके तहत एफएसडीए टीम की ओर से जिले की दो आइसकैंडी फैक्ट्री पर छापा मारा गया। करनैलगंज तहसील क्षेत्र के पिपरी करुवा में स्थित श्री ट्रेडर्स नाम की एक आइसकैंडी फैक्ट्री पर छापा मारा गया। 50 किलो के 210 क्षमता वाले इस फैक्ट्री में बर्फ का निर्माण होता मिला। लेकिन फैक्ट्री संचालक के पास लाइसेंस नही मिला। इस पर इसके संचालक अनोखे लाल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 14 दिन में जवाब मांगा है। इसके अलावा टीम ने गोंडा फैजाबाद रोड पर बनकटवा स्थित किसान आइस फैक्ट्री में छापा मारा। यह भी फैक्ट्री बिना लाइसेंस संचालित मिली। 300 बॉक्स बर्फ प्रोडक्ट करने वाली इस फैक्ट्री में स्वच्छता नहीं मिली। बिना लाइसेंस फैक्ट्री संचालन करने पर संचालक अरशद अंसारी को नोटिस देकर 14 दिन में जवाब मांगा है। इस बारे में एफएसडीए के जिला अभिहित अधिकारी विनय कुमार सहाय ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही बर्फ की डिमांड बढ़ी है। इस बारे में विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बर्फ फैक्ट्रियों में स्वच्छता के साथ लाइसेंस चेक करें। नियम विरुद्ध आइस फैक्ट्रियों को सील कराने की कार्रवाई की जाएगी।