निर्बल वर्ग के 51 लोगों को मिला प्रधानमंत्री आवास
रायबरेली। शहर के एकता विहार में आरडीए द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से बनवाए गए फ्लैटों का सोमवार को लॉटरी से आवंटन हुआ। 70 फ्लैटाें में 51 फ्लैट लॉटरी से आवंटित किए गए।
इसके लिए 53 लोगों ने आवेदन किया था, मगर दो आवेदनों को निरस्त कर दिया गया। शेष 19 फ्लैटों के आवंटन के लिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।
रायबरेली विकास प्राधिकरण की ओर से तीन लाख से कम सालाना आय वाले निर्बल वर्ग के लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैटों का निर्माण एकता विहार में कराया गया।
पूर्व में कुछ आवासों का आवंटन हो चुका है। शेष 70 फ्लैटों के आवंटन के लिए सोमवार को लॉटरी कराई गई। इन फ्लैटों के लिए 53 लोगों ने आवेदन किया था। जिसमें दो आवेदनों को किन्हीं कारणों से खारिज कर दिया गया। 51 लोगों को लॉटरी से फ्लैट आवंटित किए गए।
आरडीए के अधिशासी अभियंता एके राय ने बताया कि, प्रधानमंत्री आवास के 70 फ्लैट में से 51 फ्लैटों का आवंटन सोमवार को लॉटरी से करा दिया गया है। शेष 19 फ्लैटों के आवंटन के लिए पंजीयन चल रहा है। जल्द ही शेष फ्लैटों का भी आवंटन किया जाएगा।
निर्बल आय वर्ग के लोगों के लिए सोमवार को आवंटित किए गए फ्लैटों की कीमत 5.37 लाख रुपये है। इसमें आवंटियों को दो लाख रुपये तक की छूट का लाभ दिया जाएगा। शेष रकम किस्तों व बैंक से ऋण लेकर अदा की जा सकेगी।