बिना लाइसेंस के चल रहा मेडिकल स्टोर सील, संचालक गिरफ्तार
रायबरेली। रायबरेली और लखीमपुर खीरी के डीआई की संयुक्त टीम ने सोमवार को क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। ये मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के चल रहा था।
संचालक दवा बेचने के साथ-साथ रोगियों का इलाज भी करता था। कार्रवाई के दौरान ही पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान 30 हजार रुपये कीमत की दवाएं जब्त कर मेडिकल स्टोर सील कर दिया गया।
मामले में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। खास बात ये है कि ये कार्रवाई डीएम के निर्देश पर की गई। बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर के संचालन की एफएसडीए के अफसरों को जानकारी ही नहीं थी।
डीह थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी राजेश, दिलीप और रमेश ने 22 मार्च 2018 को डीएम संजय कुमार खत्री से शिकायत की थी कि मऊ तिराहा स्थित वर्मा मेडिकल स्टोर मनमाने ढंग से चल रहा है।
संचालक दवा बिक्री करने के साथ-साथ रोगियों का इलाज भी करता है। इस पर डीएम ने एफएसडीए के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पर सोमवार को रायबरेली के औषधि निरीक्षक दीपक शर्मा व लखीमपुर खीरी के ड्रग इंस्पेक्टर संदेश मौर्य की संयुक्त टीम ने पुलिस के साथ मऊ तिराहा स्थित वर्मा मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
इससे वहां हड़कंप मच गया। डीआई रायबरेली दीपक शर्मा ने बताया कि, ये मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित हो रहा था। संचालक रामदेव वर्मा रोगियों का इलाज भी करता था।
पुलिस ने रामदेव को गिरफ्तार कर लिया है। स्टोर से 30 हजार रुपये कीमत की दवाएं जब्त करके मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।
एसओ डीह राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि, मेडिकल स्टोर संचालक रामदेव वर्मा के खिलाफ औषधीय अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे पकड़ लिया है। कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।