पूराबाजार (फैजाबाद)। गांव को तीर्थ, किसानों को देवता और कृषि को मंत्र मानने वाली योगी सरकार में किसानों का हित सर्वोपरि है। इसी बात को ध्यान में रखकर किसानों के हितों की योजनाएं लागू की जा रही हैं जिससे किसानों को भी आगे बढ़ने का मौका मिले। यह बातें पूरा ब्लॉक के मड़ना गांव में गन्ना समिति चेयरमैन दीपेंद्र सिंह द्वारा आयोजित कंबल वितरण समारोह व किसान सभा में मुख्य अतिथि प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सुरेश राणा ने कहीं।
गन्ना मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने किसानों को असहाय बना दिया था इसलिए प्रत्येक क्षेत्र में प्रदेश लगातार पिछड़ रहा था। आज किसान धान, गेहूं समय से बेच रहा है और उसे एक सप्ताह के अंदर भुगतान भी मिल रहा है। कहा कि, अपराध में भारी कमी आई है क्योंकि अपराधी लगातार मारे जा रहे हैं और जेलों में डाले जा रहे हैं। उन्होंने गन्ना किसानों से कहा कि सरकार ने गन्ना ढुलाई का भाड़ा आधा कर दिया है तथा गन्ने का दाम भी बढ़ा दिया है। बिजली किसानों को लगातार मिल रही है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन पर शिवेंद्र सिंह गोलू का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजक चेयरमैन दीपेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरीश पांडेय डिप्पुल, गन्ना समिति के उपाध्यक्ष नित्यप्रकाश सिंह, रमापति पांडेय, दिनेश सिंह, शिव नारायण तिवारी, चेयरमैन अरविंद सिंह, ग्राम प्रधान रामपाल, ओमप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।