नानपारा (बहराइच)। भोपतपुर बेलवा गांव में शुक्रवार देर शाम दीवार के विवाद में दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। धारदार हथियार चले व फायरिंग भी हुई। इसमें गोली लगने से दो सगे भाई घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत भोपतपुर बेलवा गांव में गोबरे प्रसाद और कन्हैया लाल के बीच दीवार का विवाद चल रहा है। गुरुवार को दोपहर गांव के लोगों ने एकत्रित होकर दोनों पक्षों को समझाकर समझौता करवाया। इसके बाद गोबरे ने शुक्रवार को दीवार का निर्माण शुरू किया। इसी बीच शाम को विपक्षी मौके पर आ धमके। कहासुनी के बीच मारपीट शुरू हो गई। जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। इसी बीच कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गोबरे के भाई रामविलास (50) और दौलत प्रसाद (30) घायल हो गए। सूचना पाकर नानपारा पुलिस गांव पहुंची। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान रामविलास ने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।