लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर काॅन्कोर्स निर्माण के चलते 14 से 23 जून तक 21 ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण आरएलडीए की ओर से चारबाग के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर ब्लॉक लेकर कार्य कराया जा रहा है।
सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्त ने बताया कि ट्रेनों का संचालन चारबाग की जगह अमौसी–ट्रांसपोर्टनगर–उतरेटिया रेलखंड से होगा। प्रयागराज संगम–बरेली एक्सप्रेस, सहारनपुर–प्रयागराज संगम एक्सप्रेस और शक्तिनगर–टनकपुर एक्सप्रेस सहित हावड़ा–देहरादून एक्सप्रेस, दानापुर–आनंदविहार टर्मिनल एक्सप्रेस और बनारस–नई दिल्ली एक्सप्रेस, प्रयागराज संगम–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें चलाई जाएंगी। मार्ग परिवर्तित रेलगाड़ियों को अमौसी स्टेशन पर 10 और उतरेटिया स्टेशन पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।