बिछिया (बहराइच)। मेंथा खेत की रखवाली कर रही वृद्ध महिला को शनिवार देर शाम बाघिन ने शावकों के साथ निवाला बना लिया। आधे घंटे तक बाघिन शावकों के साथ मौके पर मौजूद रही। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर गई। वनाधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घटना से क्षेत्र के लोग दहशतजदा हैं।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत बर्दिया गांव है। गांव निवासी कौशिल्या (70) पत्नी कोनईराम का मेंथा का खेत गांव से एक किलोमीटर दूर पर एसएसबी 70वीं बटालियन बर्दिया कैंप के पास है। प्रतिदिन की तरह शनिवार दोपहर में कौशिल्या मेंथा के खेत की रखवाली करने घर से निकली थी।
शाम को छह बजे के आसपास जब वह घर लौटने की तैयारी में थी, तभी जंगल से निकलकर आई बाघिन दो शावकों के साथ कौशिल्या पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े, लेकिन खेत में बाघिन और उसके शावकों को देखकर सहम गए। एसएसबी कैंप के जवान भी आए। लेकिन किसी का वश नहीं चल सका।
लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। रेंज कार्यालय पर सूचना दी। फिर भी आधे घंटे तक बाघिन शावकों के साथ खेत में बैठी रही। शोर अधिक होने पर वह जंगल की ओर चली गई। घटना की सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी आरकेपी सिंह, वन रक्षक पवन शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं।
सुजौली थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा करवाया है। महिला के घर में उसका पुत्र भल्लर, जगदीश, बनवारी व दो बेटियां चंदरइया और लौंगिया हैं। मां की मौत के बाद सभी बिलख रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी आरकेपी सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।