फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन मंदिरों में 1.09 करोड़ से बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
फैजाबाद। अयोध्या को पर्यटन नगरी बनाने की सरकार की मंशा अब चरितार्थ होती नजर आ रही है। इसी उद्देश्य से जिले के तीन प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं व यात्रियों के ठहराव सहित कई सुविधाएं बढ़ाने के लिए एक करोड़ नौ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जिसमें अयोध्या में स्थित प्रख्यात कनक भवन मंदिर में ही अकेले 91.18 लाख की राशि खर्च होगी। जबकि दो अन्य मंदिरों में 18.17 लाख की लागत से यात्री शेड का निर्माण किया जाएगा। जिला योजना व राज्य योजना से प्रस्तावित इन विकास कार्यों के लिए धन भी स्वीकृत हो चुका है। शीघ्र ही कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

अयोध्या को पर्यटन की दृष्टि से विश्व के मानचित्र पर स्थापित करने की सरकार की मुहिम अब साकार होती दिख रही है। निजाम बदलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अब तक तीन दौरे कर चुके हैं और सभी दौरों में अयोध्या के विकास की ललक स्पष्ट कर चुके हैं। अयोध्या को पर्यटन नगरी बनाने की इस मुहिम को अब पंख लगने लगे हैं। इसी के मद्देनजर यहां के मठ-मंदिरों का सौंदर्यीकरण करके सुसज्जित करने की कवायद भी शुरू हो चुकी है। बीते दिनों जिला योजना व राज्य योजना के अलग-अलग प्रस्ताव से जिले के तीन मंदिरों में श्रद्धालुओं व यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए एक करोड़ नौ लाख 35 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है।
अयोध्या आने पर हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के साथ-साथ सोने का मंदिर कहे जाने वाले कनक भवन के दर्शन करने के लिए भी श्रद्धालु उत्सुक रहते हैं। हर मौसम में प्रत्येक दिन कनक भवन में हजारों श्रद्धालु सुबह से शाम तक जमे रहते हैं। लेकिन यहां शौचालय, पेयजल, यात्रियों के ठहरने सहित तमाम मूलभूत सुविधाओं की कमी काफी अखरती है। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को यहां ठहरने व नित्यक्रिया आदि के इंतजाम न होने से दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती हैं। इससे उनकी आस्था प्रभावित होती थी, साथ ही अनेक दुश्वारियों से जूझना पड़ता था। इन्हीं समस्याओं से निजात दिलाने के लिए सरकार ने यहां तमाम उच्चीकृत सुविधाएं बढ़ाने की योजना तैयार की है। राज्य योजना के तहत बीते दिनों यहां आरसीसी से निर्मित हाईटेक सुविधाओं से लैस यात्री शेड, स्त्री व पुरुष के अलग-अलग प्रसाधन ब्लॉक निर्मित करने की हरी झंडी मिली है। इसके अलावा यहां पर पूजन सामग्री आदि बेचकर छोटा-मोटा रोजगार करने के लिए 13 गुमटीनुमा दुकानें भी निर्मित की जाएंगी। शासन की ओर से इन कार्यों के लिए 91.18 लाख की धनराशि की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी तरह जिला योजना समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव के तहत जिले के दो अन्य मंदिरों को भी अनेक सुविधाओं से सुसज्जित करने की स्वीकृति प्रदान हुई है। जिसमें पूरा ब्लॉक के रसूलाबाद में स्थित हनुमान मंदिर में 9.17 लाख व बाबा रखौली मल मंदिर पर नौ लाख की लागत से यात्री शेड का निर्माण किया जाना है। शासन से हरी झंडी मिलते ही कार्यदायी संस्था सुलभ इंटरनेशनल को सभी निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि तीनों मंदिरों पर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
विज्ञापन



अयोध्या को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत कनक भवन सहित जिले के तीन मंदिरों पर शौचालय, यात्री शेड, दुकानें आदि निर्मित करने के लिए कुल 1.09 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
विज्ञापन

- ब्रजपाल सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी फैजाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें