ठेकेदार पर सड़क पर मिट्टी डालकर खानापूर्ति करने का लगाया आरोप
जरवल (बहराइच)। जरवल कस्बा-धनसरी संपर्क मार्ग का निर्माण एक वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। आधा निर्माण कार्य कराकर ही ठेकेदार लापता हो गया। अब गड्ढे व ऊबड़-खाबड़ मार्ग पर मिट्टी डाली जा रही है। इसका विरोध करते हुए किसानों व ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा। सभी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जरवल कस्बा से धनसरी ग्राम पंचायत को जाने वाले मार्ग पर भाकियू के जिला मीडिया प्रभारी अशोक मिश्र की अगुवाई में किसानों व ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि एक वर्ष पूर्व चार किलोमीटर ध्वस्त मार्ग की मरम्मत का काम ग्राम पंचायत गोंदौरा से धनसरी तक किया गया था।
शेष तीन किलोमीटर ध्वस्त मार्ग धनसरी से जरवल कस्बा तक छोड़ दिया गया था। अब इस मार्ग पर गड्ढे हो गए हैं। काफी प्रयासों के बाद फिर से मार्ग की मरम्मत का काम शुरू किया गया है, लेकिन ठेकेदार केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर रहा है।
सभी ने कहा कि मार्ग मरम्मत का काम मानक के अनुसार नहीं किया गया तो किसान व ग्रामीण लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राज्यमार्ग को जाम करके आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के बाद सभी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन साैंपा। प्रदर्शन में तिलकराम गौतम, भीखू अहमद, राम बहादुर, रामकुमार, गुलाम मोहम्मद, नियाज अहमद, रामसूरत, मेड़ीलाल यादव समेत कई ग्रामीण व किसान मौजूद रहे।