सरकार की तरफ से नेता सदन अहमद हसन ने बुधवार को विधान परिषद में घोषणा की कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2000 तक नियुक्त तदर्थ शिक्षकों को नियमित करने के लिए अध्यादेश लाया जाएगा।
वह शून्य प्रहर में इस मुद्दे पर निर्दल समूह के सदस्यों सहित कुछ अन्य की कार्यस्थगन सूचना का जवाब दे रहे थे। पर, सरकार के जवाब से असंतुष्ट निर्दल समूह के सभी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।
इससे पहले निर्दल समूह की ओर से राजबहादुर सिंह चंदेल, उमेश द्विवेदी, चेतनारायण सिंह और कांति सिंह ने यह मुद्दा उठाया। कहा कि सरकार ने आश्वस्त किया था कि इन शिक्षकों को नियमित करने के लिए वह विधेयक लाएगी।
मौजूदा सत्र में अब महज एक ही दिन बचा है लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक इस मामले में कोई ठोस जवाब नहीं आया है।