लखनऊ। एलडीए की सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी योजना में अब तीसरी बार भूखंड दिए जाएंगे। करीब 200 प्लॉटों के आवंटन के लिए 18 अगस्त को लॉटरी होगी। इसमें उन लोगों को भूखंड आवंटित होंगे, जिन्होंने अपनी जमीन एलडीए को योजना के लिए दी है। इसके बाद प्राधिकरण आम लोगों के लिए पंजीकरण खोलेगा।
आवंटित किए जाने वाले प्लॉट 288, 200, 128, 72, 45 और 35 वर्गमीटर के होंगे। जिस व्यक्ति की जितनी जमीन होगी, उसी हिसाब से उसे प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। जिन्हें 25 प्रतिशत से ज्यादा जमीन का प्लॉट मिलेगा, उनसे एलडीए तय रेट के हिसाब से पैसा लेगा। किसे, कहां पर और किस आकार का प्लॉट मिलेगा, यह लॉटरी से ही तय होगा।
...इधर लॉन्चिंग के लिए सीएम का इंतजार
एलडीए सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर योजना और आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना को लॉन्च करने की तैयारी कर चुका है। अब सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हां का इंतजार है। जैसे ही वह समय देंगे, उसी दिन योजना लॉन्च हो जाएगी। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि दोनों योजनाओं का रेरा में पंजीकरण हो चुका है। ऐसे में इसे लॉन्च करने में कोई कानूनी अड़चन नहीं है। इन योजनाओं में करीब चार लाख लोगों को आवासीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।