गुडंबा। रिंग रोड स्थित अवध सेनेटरी स्टोर से रविवार रात चोर आठ लाख नकद व 12 लाख रुपये के कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोर स्टोर के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते चढ़े थे। सोमवार सुबह स्टोर खुलने पर चोरी का पता चला। गुडंबा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि विश्वास खंड, गोमतीनगर निवासी आदित्य स्वरूप हवेलिया का रिंग रोड, कल्याणपुर में अवध सेनेटरी स्टोर नाम से दो मंजिला शोरूम है। आदित्य ने बताया कि सोमवार सुबह 10:30 बजे कर्मी ज्ञानेश्रर पांडेय ने स्टोर खोला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्होंने घटना की जानकारी दी। सूचना पर एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व गुडंबा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि चोर छत के रास्ते का दरवाजा तोड़कर स्टोर में दाखिल हुए। स्टोर के पीछे पुलिस ने लोहे की सीढ़ी और कुछ चोरी किया हुआ सामान भी बरामद किया है। इंस्पेक्टर गुडंबा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बैंक बंद होने के कारण रखी स्टोर में रखी थी नकदी
आदित्य ने बताया कि शनिवार व रविवार को बैंक बंद था। इस कारण दो दिन की बिक्री के 8.54 लाख रुपये उनके ऑफिस के लॉकर में रखे थे। चोरों ने लॉकर तोड़कर नकदी निकाल ली। भागते समय 50 हजार रुपये की गड्डी स्टोर में ही गिर गई। चोर करीब 12 लाख के कीमती सामान भी चुरा ले गए। आदित्य के अनुसार, स्टोर की रेकी करके चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। चोरों को पहले से पता था कि दो दिन की नकदी रखी हुई है। दुकान में वाईफाई का राउटर व डीवीआर की जानकारी स्टोर के कर्मियों को भी नहीं है, लेकिन चोर डीवीआर और राउटर भी उठा ले गए।
पुलिस अधिकारियों से मिले व्यापारी नेता
सेनेटरी स्टोर में चोरी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल रिंग रोड इकाई के सदस्य आदित्य हवेलिया ने प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता को आपबीती बताई। इस पर व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर घटना की जानकारी दी। इस पर उन्हें शीघ्र ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया गया है।