सिंधी समाज ने मनाया संत कंवरराम साहिब का जन्मोत्सव
लखनऊ। सिंधी समाज की ओर से अमर शहीद संत कंवरराम साहिब का 141वां जन्मोत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। गुरु माता दयाली देवी सेवा मंडल और सखी बाबा युवा मंडल के सौजन्य से आलमबाग स्थित संत कंवरराम चौराहा के पास पूरे दिन भंडारा चला। केजीएमयू के सहयोग से लगे शिविर में 40 लोगों ने रक्तदान किया। मुख्य कार्यकर्ता प्रीतम वलेचा ने बताया कि सबसे पहले सुबह वीआईपी रोड स्थित शिवशांति संत आसूदाराम आश्रम के पीठाधीश्वर साईं मोहन लाल साहिब और हरीश लाल साहिब ने भंडारे का शुभारंभ किया। सुबह 10 से रात 11 बजे तक भंडारा चला। भाजपा नेता आनंद द्विवेदी, मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक सुरेश चंद तिवारी, हरशरण लाल गुप्ता, पियूष दीवान, नानक चंद लखमानी, सिंधु सभा के अध्यक्ष अशोक मोतियानी आदि मौजूद रहे।