बेटे के तिलक का सामान लेकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। लखनऊ-गोंडा मार्ग पर रविवार की देर रात डीसीएम ने बाइक सवारों को ठोकर मार दी और भाग निकला। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारीजन सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां तीनों की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां रास्ते में दो की मौत हो गई एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम करंद निवासी राम प्रसाद वर्मा (45) पुत्र रामआधार वर्मा अपने साले आशीष वर्मा (30) पुत्र कल्लू निवासी मनेरा थाना सतरिख व मौसेरे भाई रवि (20) निवासी पिपरौली के साथ रविवार की देर रात एक बाइक से बाराबंकी से सामान खरीद कर वापस घर लौट रहे थे।
तभी पिपरौली गांव के पास सामने से आ रही एक डीसीएम बाइक सवारों को रौंदने के बाद भाग निकली। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें परिवारीजन उपचार के लिए आनन फानन में जिला अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने सभी घायलों की हालत गंभीर होते देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवारीजन तीनों को ले जा रहे थे कि रास्ते में जीजा रामप्रसाद व साले आशीष की मौत हो गई। वहीं मृतक के मौसेरे भाई रवि वर्मा की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।