लखनऊ में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सरोजनीनगर में शुक्रवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आकर पूजा (24) और उसकी एक साल की बेटी चिंकी की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई। हालांकि, परिवारीजनों ने हादसा बताया।
पूजा एलडीए कॉलोनी सेक्टर एफ में पराग डेरी के पास रहने वाले और ट्रांसपोर्टनगर में पल्लेदारी करने वाले पंकज कश्यप की पत्नी थी। उसकी बड़ी बेटी शगुन उर्फ किट्टू शनिदेव मंदिर के पास स्थित एक स्कूल में नर्सरी में पढ़ती है।
दोपहर करीब 11 बजे पूजा बेटी चिंकी (1) को गोद में लेकर पैदल ही किट्टू को लेने स्कूल जा रही थी। मां-बेटी ट्रांसपोर्टनगर में रेलवे ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आ गईं। सूचना पर पति पंकज के साथ ही पूजा के पिता गणेश और भाई लकी घटनास्थल पहुंचे।
इलाकाई लोगों का कहना है कि ट्रैक पार करने के लिए कोई अंडरपास या पुल नहीं है। हर दो-तीन महीने में यहां हादसा होता है।
पिता गणेश ने कहा कि रक्षाबंधन से चौबीस घंटे पहले बहन की मौत से लकी सदमे में है। पूजा ने लकी से कहा था कि शनिवार को वह दोपहर बाद राखी बांधने घर आएगी। लकी ने उसके लिए तोहफा खरीदा था।