तीन तलाक पीड़ित महिलाओं की लड़ाई लड़ेगी भाजपा
पार्टी ने मोर्चे को सौंपी अल्पसंख्यकों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। भाजपा ने तीन तलाक पीड़ित महिलाओं को एकजुट कर उनकी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। इसके लिए पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चा को इन महिलाओं को एकजुट कर इनकी लड़ाई लड़ने के लिए समूह तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में डॉ. नाजिया आलम को ब्रज, काशी, कानपुर, बुंदेलखंड और पश्चिमी क्षेत्रों का और शाहनाज खां को अवध एवं गोरखपुर क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की शुक्रवार को यहां हुई बैठक में तलाक पीड़ित महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध लगातार लड़ाई लड़ने का निर्णय किया गया। इसी के साथ संगठनात्मक विस्तार के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई। बैठक में मोर्चा के सदस्यता प्रभारी ने बताया कि एक लाख अल्पसंख्यकों को भाजपा से जोड़ा गया है। लगातार चल रही सदस्यता में अभी और संख्या बढ़ेगी। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने की।
जिला व मंडल इकाइयों के गठन का निर्देश
मीडिया प्रभारी अमील शमसी ने बताया कि मोर्चा प्रभारी ओमप्रकाश ने समीक्षा कर बचे मंडल और जिलों में 19 नवंबर तक मोर्चे की इकाइयों के गठन का निर्देश दिया है। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष चांद को काशी, महामंत्री इफ्तेखार हुसैन को गोरखपुर, महामंत्री फैसल सिद्दीकी को कानपुर व बुंदेलखंड, महामंत्री जहीर अब्बास जैदी को ब्रज, उपाध्यक्ष वाकिफ महमूद नकवी को अवध, उपाध्यक्ष आफताब आडवानी को पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अल्पसंख्यक बुद्धिजीवी सम्मेलन होंगे
मोर्चा ने क्षेत्रवार बुद्धिजीवी सम्मेलन करने का भी फैसला किया है। जल्द ही इसकी तारीखें घोषित की जाएंगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों को शनिवार को प्रदेश भर में हो रही बूथ बाइक रैलियों में सक्रिय रूप से भागीदारी करने को कहा गया है।