भर्ती परीक्षा को फुलप्रूफ बनाने में जुटी सरकार
मुख्य सचिव ने गृह विभाग के साथ की बैठक
लखनऊ। सरकारी विभागों में भर्ती के लिए होने परीक्षाओं के पेपर केबार-बार आउट होने की घटनाओं से निजात पाने के लिए सरकार फुलप्रूफ सिस्टम बनाने की कवायद में जुट गई है। इसके तहत शुक्रवार को मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने गृह विभाग और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक इस समस्या से निपटने के उपायों पर मंथन किया।
हाल में नलकूप चालकों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का पेपर एक दिन पहले ही आउट की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने सख्त नाराजगी जताई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसे रोकने के उपायों पर विचार करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में मुख्य सचिव ने प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार, डीजीपी ओपी सिंह और आईडजी एसटीएफ अमिताभ यश के साथ भर्ती परीक्षाओं के पेपर आउट होने की घटनाओं को रोकने को लेकर चर्चा की।
इस मौके पर आईजी एसटीएफ ने मुख्य सचिव के समक्ष एक प्रजेंटेशन भी दिखाया। जिसमें परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होने से लेकर उसके संपन्न होने तक की व्यवस्था को फूलप्रूफ बनाने के बारे में सुझाव शामिल थे। आईजी ने पेपर को सुरक्षित रखने को लेकर भी कई सुझाव दिए हैं। जल्द ही इस संबंध में फिर बैठक होगी और कार्ययोजना तैयार की जाएगी।