मसौधा (फैजाबाद)। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर शिवदासपुर चौराहे के पास रविवार को दोपहर बाद तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का शिकार हुआ युवक बहन के वैवाहिक समारोह का सामान खरीदने के लिए फैजाबाद जा रहा था। पूराकलंदर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत भाग निकला।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जेरूआ गांव निवासी हरि नारायण तिवारी का बेटा राजा तिवारी (24) करीब दो बजे बहन की गोद भराई का सामान लेने शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिवदासपुर चौराहे के पास फैजाबाद से सुल्तानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखचे उड़ गए व बाइक सवार राजा की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। फिर भी हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।