हरगांव व तालगांव कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे
सीतापुर/लहरपुर। हरगांव थाना क्षेत्र में वाहन की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर कस्बे के चीनी मिल में मजदूरी करता था। वह मजदूरी करने के बाद मिल से वापस आ रहा था। इधर तालगांव कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से भाग गए।
हरगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगीपुर निवासी बनवारी लाल (55) मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। इन दिनों वह हरगांव चीनी मिल में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार की रात बनवारी चीनी मिल में मजदूरी करके वापस घर जा रहा था।
रास्ते में हरगांव कस्बे में लहरपुर मार्ग पर पावर हाउस के निकट किसी वाहन ने मजदूर को रौंद दिया। इससे बनवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य घायल को लेकर जिला अस्पताल भागे मगर रास्ते में बनवारी की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बनवारी लाल को मृत घोषित कर दिया।
उधर, खैराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हजूरपुर निवासी गोवर्धन की पुत्री लल्ती देवी (14) अपने ननिहाल तालगांव के ग्राम दिपारा कैमहरा गई थी। बुधवार को वह अपनी बुआ चांदनी देवी के साथ साइकिल से वापस अपने घर जा रही थी। रास्ते में मदारपुर पुल के निकट एक ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी।
इससे साइकिल पर पीछे बैठी लल्ती देवी सड़क पर गिर गई और ट्रक उसे रौंदता हुआ ऊपर से गुजर गया। इससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में साइकिल चला रही चांदनी बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।