शिवगढ़ (रायबरेली)। केंद्र और प्रदेश सरकार के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। भवानीगढ़ नहर कोठी से चौराहा होते हुए ब्लॉक तक पैदल मार्च निकाला। बाद में राज्यपाल को संबोधित छह सूत्री ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
बछरावां के ब्लॉक प्रमुख विक्रांत अकेला की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन के बाद सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, आम जनमानस परेशानी से जूझ रहा है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। एक पैसा, दो पैसा पेट्रोल व डीजल का दाम घटा कर सरकार ने जनता का मजाक उड़ाया है। रसोई गैस के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जो मध्यम वर्गीय व्यक्ति की कमर तोड़ रहे हैं। सपाइयों ने पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम घटाने की पुरजोर वकालत की। साथ ही किसानों के गेहूं की खरीद में बिचौलियों के हस्तक्षेप को समाप्त करने की मांग की।
इसके अलावा रमजान के अवसर पर बिजली आपूर्ति 24 घंटे बहाल करने, मनरेगा मजदूरों को समय से उनकी मजदूरी देने, नौजवानों और बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने की भी मांग की गई। सपाइयों ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद किया जाए। इस मौके पर माताफेर सिंह, राकेश त्रिवेदी, लखनऊवा यादव, रामचंद्र यादव, रामविशाल त्रिवेदी, रघुराज सिंह, बेचेलाल चौधरी, अंजनी कुमार, धीरज यादव आदि मौजूद रहे।