बहराइच। कांग्रेस भवन में कटिया के सहारे रोशन हो रहा है... यह सुनने में अजीब लगेगा, लेकिन सच है। बहराइच कांग्रेस भवन में छह कमरे ऐसे हैं, जिनमें पदाधिकारी बैठते हैं। यहां धड़ल्ले से पंखा, कूलर चलते हैं। लेकिन बिजली का कनेक्शन नहीं लिया गया है।
इसकी जानकारी डोर-टू-डोर सर्वे में हुई। अब पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी कार्रवाई की बात कह रहे हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा स्थापित जिला मुख्यालय के कांग्रेस भवन में बिजली चोरी की बात कहें तो बुरा लगेगा। वर्ष 1948 में कांग्रेस भवन की स्थापना हुई थी।
कांग्रेस कार्यालय में भवन निर्माण के साथ ही बिजली का कनेक्शन लिया गया लेकिन जिन पर बिजली बिल जमा करने की जिम्मेदारी थी, उन्होंने किनारा कस लिया। वर्ष 2010 में कांग्रेस भवन के नाम 90 हजार का बिजली बिल आया। तत्कालीन जिलाध्यक्ष ने जैसे-तैसे अधिकारियों से मिलकर बिल को व्यवस्थित करवाकर 30 हजार रुपये जमा करवा दिए।
लेकिन इसके साथ ही कनेक्शन भी कटवा दिया। तब से अब तक कांग्रेस भवन में बिजली का कनेक्शन नहीं है। लेकिन बिजली से प्रतिदिन कांग्रेस भवन जगमग हो रहा है। लगभग एक एकड़ जमीन में स्थापित कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष, युवक कांग्रेस, सेवा दल, महिला कांग्रेस समेत विभिन्न प्रकोष्ठों के आधा दर्जन कार्यालय हैं।
सभी कार्यालयों में बिजली के कनेक्शन हैं। राड, बल्ब 24 घंटे जलते हैं। इस समय तो पंखा और कूलर भी चल रहा है। इसके कारण प्रतिमाह कांग्रेस भवन से पावर कॉर्पोरेशन को हजारों का चूना लग रहा है।
जल्द होगी कार्रर्वाई
पावर कॉर्पोरेशन के उपखंड अधिकारी नगर मोहित दीक्षित ने स्वीकार किया कि कांग्रेस भवन में कनेक्शन नहीं है। पखवारे भर पूर्व डोर टू डोर सर्वे के दौरान इसका खुलासा हुआ था। इस मामले में कांग्रेस भवन के जिम्मेदारों को कनेक्शन करवाने को कहा गया, लेकिन अब तक कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया गया। ऐसे में सोमवार या मंगलवार को कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस भवन में कटिया से रोशन हो रहा है। इसका पता चला है। इस मामले में एसडीओ सिटी मोहित दीक्षित को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही असर देखने को मिलेगा।
-मुकेश बाबू, अधिशासी अभियंता विद्युत