सशस्त्र डकैतों ने घर के सदस्यों को जमकर पीटा, लाखों का माल लूटा
महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात डकैतों ने क्षेत्र के दो घरों पर धावा बोला। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर डकैतों का कहर परिवार पर जमकर टूटा। इससे दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। डकैतों के हमले से महिलाओं की हालत इस कदर बिगड़ी कि डॉक्टरों को उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ा।
पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इन वारदातों से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। कस्बे मोहल्ला बन्नी वार्ड निवासी हंसराज डाककर्मी है। गुरुवार को हंसराज ने कमरे में ताला लगा दिया और परिवार के साथ छत पर सोने लगा। आधी रात के वक्त करीब दर्जन भर सशस्त्र डकैतों न उसके घर धावा बोल दिया।
डकैतों ने छत पर पहुंचकर हंसराज को बंधक बना लिया और उसे नीचे उतार लाए। यहां पर जब डकैतों ने लूटपाट शुरू की तो हंसराज ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी यह हरकत डकैतों को इस कदर नागवार गुजरी कि उन्होंने कुंदों से हंसराज की पिटाई शुरू कर दी।
जब हंसराज घायल होकर बेसुध हो गया तो डकैतों ने कमरे के दरवाजे तोड़ डाले और घर में रखे बक्से व अलमारी के ताले तोड़ दिये। डकैतों ने यहां से 30 हजार की नकदी व सोने-चांदी के जेवर समेट कर निकल भागे। इसी रात डकैतों ने कोतवाली क्षेत्र के ग्राम श्यामदासपुर निवासी किसान राकेश के घर पर धावा बोल दिया।
यहां पर डकैतों ने परिवार को बंधक बना लिया और लूटपाट करने लगे। इस पर परिवार ने विरोध जताना शुरू कर दिया। परिवार के विरोध करने पर डकैत भड़क गए और उन्होंने राकेश की पिटाई शुरू कर दी। इस पर राकेश की मां गुरदेई व पत्नी रेशमी देवी ने राकेश को बचाने का प्रयास किया।
इस पर डकैतों ने दोनों महिलाओं को असलहों के बटों से जमकर पीटा। इससे राकेश समेत उसकी पत्नी व मां लहूलुहान होकर गिर गईं। इसके बाद डकैतों ने घर में रखे दो बक्से व महिलाओं के शरीर पर मौजूद जेवरों को लूट लिया और मुंह न खोलने की धमकी देते हुए भाग गए।
डकैतों के जाने के बाद पड़ोसियों ने चारों घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने बताया कि डकैतों ने बड़ी बेरहमी से मारा है, जिसमें महिलाओं के हाथ टूट गए हैं। दोनों महिलाओं की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों वारदातों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।