गोंडा। प्रदेश सरकार की तरफ से वित्तीय वर्ष 2018-19 में जिले भर की 1500 गरीब बेटियों के हाथ पीले कराए जाएंगे। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शासन ने जिले के समाज कल्याण विभाग को लक्ष्य आवंटित कर दिया है। साथ ही प्रथम किस्त के रूप में 2.07 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित कर दिया है। इस पर विभाग ने ऑफलाइन आवेदन मांगे हैं।
गरीबी रेखा से नीचेे जीवनयापन करने वाले गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए शासन की तरफ से सामूहिक विवाह योजना का संचालन किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की देखरेख में संचालित होने वाली इस योजना के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन कर बेटी का विवाह कराया जाता है। इस विवाह में शामिल होने वाली कन्या को विवाह संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की सामग्री सरकार की तरफ से उपलब्ध कराई जाती है। पंडाल खर्च के नाम पर पांच हजार रुपये विवाह करने वाली एजेंसी को दिए जाते हैं। इसके अलावा 20 हजार रुपये की धनराशि विवाह के बाद कन्या के खाते में भेजी जाती है। इस वित्तीय वर्ष में शासन ने जिले को 1500 गरीब बेटियों का विवाह कराने का लक्ष्य दिया है। इसके तहत समाज कल्याण विभाग 1500 बेटियों के हाथ पीले कराएगा। शासन की तरफ से पहली किस्त के रूप में जिले को 2.07 करोड़ रुपये के बजट का आवंटन किया गया है। जल्द ही सामूहिक विवाह की तिथि तय की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार न ेबताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में 1500 गरीब बेटियों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य रखा गया है। इसके शासन की तरफ से जिले को 2.07 करोड़ रुपये का बजट मिला है। पात्र लाभार्थियों से आवेदन पत्र मांगे गए हैं। विवाह की तारीख जल्द ही तय की जाएगी।
45 दिन पूर्व करना होगा आवेदन
सामूहिक विवाह योजना में सम्मिलित होने के लिए कन्या व वर पक्ष को संयुक्त रूप से विवाह की तय तारीख के 45 दिन पहले ऑफलाइन आवेदन करना होगा। ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदन पत्र समस्त अभिलेखों के साथ जिला पंचायत या क्षेत्र पंचायत कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। जबकि शहरी आवेदकों को नगर निगम/नगर पालिका परिषद या नगर पंचायत के कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन पत्रों की जांच के बाद लाभार्थी का चयन किया जाएगा।
सात फेरों में बंधे 26 जोड़े
मारवाड़ी सेवा समिति, प्रबुद्घ नागरिक चेतना मंच एवं आर्यसमाज के तत्वावधान में सोमवार को शहर के राम जानकी धर्मशाला में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 26 जोड़े मंत्रोचार के साथ अग्नि के सामने सात फेरों की सात कसमों के साथ एक हो गए। यह जानकारी एडवोकेट राजाबाबू गुप्ता ने दी है। इस दौरान डीएम जेबी सिंह, सीओ सिटी ब्रम्ह सिंह, पूर्व विधायक तुलसीदार राय चंदानी, पूर्व प्राचार्य छोटेलाल दीक्षित आदि मौजूद रहे।