132 में 21 बच्चे उपस्थित मिले
डीह (रायबरेली)। तमाम कोशिशों के बाद भी परिषदीय विद्यालयों की हालत नहीं सुधर रही है। सबसे ज्यादा समस्या बच्चों की उपस्थिति में आ रही है। जिसे बढ़ा पाने में अफसर नाकाम हैं।
गुरुवार को राज्य परियोजना कार्यालय से आई टीम ने जब स्कूलों का निरीक्षण किया तो बच्चों की कम हाजिरी की पोल खुली। प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में 132 बच्चों में से महज 21 बच्चे उपस्थित मिले।
राज्य परियोजना कार्यालय से आए दल में विशेषज्ञ सबा सिद्दीकी और सरिता सिंह शामिल रहीं, जिन्होंने आदर्श ग्राम जगदीशपुर में संचालित परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
इस मौके पर सर्वशिक्षा अभियान के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी धीरेंद्र श्रीवास्तव एवं जिला समन्वयक प्रशिक्षण नीतू गुप्ता भी उपस्थित रहीं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगदीशपुर में 268 नामांकित बच्चों में से 36 बच्चे नजर आए। कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए टीम के सदस्यों ने हर हाल में उपस्थिति बढ़ाने के लिए कहा।
टीम ने डीह के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण किया जहां पिछले हिस्से की चारदीवारी न होने की समस्या सामने आई। इस पर टीम के सदस्यों ने कहा कि चारदीवारी बनवाने के लिए जिलाधिकारी से डिमांड करें।