लालगंज (रायबरेली)। एससी-एसटी एक्ट 1989 में किए जा रहे संशोधन के विरोध में सोमवार को अंबेडकर सेवा समिति के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। बेहटा चौराहे से रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
रैली बेहटा चौराहे से निकलकर चिकमंडी, बर्दहाई बाजार, करुणा बाजार चौराहा होते हुए तहसील पहुंची। रैली में शामिल लोग संशोधन को वापस लिए जाने के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों पर होने वाले अत्याचारों को देखते हुए एससी-एसटी एक्ट बनाया गया था, लेकिन अब इस एक्ट में सीधे रिपोर्ट न लिखकर जांच कर रिपोर्ट लिखने का प्रावधान रखा गया है। ऐसे में गरीब, लाचार व कमजोर लोगों को न्याय नहीं मिल पाएगा। रैली में शामिल समिति के अध्यक्ष संतराज, मिश्रीलाल, सुधीर कुमार, गब्बर, राजू कुमार, सोनू, सत्यप्रकाश, रमाकांत संत, शिवकुमारी चौरसिया, रागिनी सुमन प्रियंका, बिंदादेई आदि तहसील पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडएम मदन कुमार को सौपा।