जरवल (बहराइच)। रुदाइन डिहवा गांव में शनिवार की रात एक ग्रामीण के मकान की कच्ची दीवार ढह गई, जिससे परिवार के नौ सदस्य घायल हो गए। मकान पूरी तरह से तहस-नहस हो गया। लेखपाल ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। इसके बाद रिपोर्ट तहसील को भेज दी गई है। मिट्टी की दीवार ढहने से परिवारीजन खुले में रहने को विवश हैं। ग्रामीणों के मुताबिक नमी के कारण दीवार ढही है।
कैसरगंज तहसील अंतर्गत विकास खंड जरवल के ग्राम पंचायत रुदाइन डिहवा निवासी अफजाल पत्नी सहजादी व बच्चों के साथ मिट्टी के बने मकान में पुआल व चारपाई पर लेटा हुआ था। दंपती के साथ पुत्र आफताब (13), रुखसार (10), आफरीन (8) रेशमा (6), जाफरीन (5), महताब (3) फरीन (एक) साथ में थे। शनिवार देर रात मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। पहले तो परिवार के लोग कुछ समझ नहीं पाए। आनन-फानन में दंपती ने बच्चों को मकान से बाहर निकाला। लेकिन चपेट में आकर सभी लोग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर किसी तरह सभी को बाहर निकाला। सूचना तहसील को दी गई। उपजिलाधिकारी पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर लेखपाल ने गांव पहुंचकर जांच की। इसके बाद रिपोर्ट तहसील को भेजी। ग्रामीणों के मुताबिक नमी के कारण मिट्टी की दीवार व छप्पर ढहा है।